रायपुर। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट का 28 जुलाई को प्रस्तावित रायपुर दौरा स्थगित कर दिया गया है। वे NEET परीक्षा विवाद और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस नेताओं, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई पदाधिकारियों के साथ बैठक करने वाले थे। शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद बदले राजनीतिक घटनाक्रम और दिल्ली में लगातार बैठकों के कारण उनका दौरा टाल दिया गया है।
प्रदेश कांग्रेस नेताओं के अनुसार, पायलट फिलहाल नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन की रणनीति तय करने में व्यस्त हैं। इसी वजह से वे रायपुर नहीं आ सकेंगे। हालांकि, दौरा रद्द नहीं किया गया है और इसकी नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
रायपुर दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी थीं। बैठक में NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, छात्रों के भविष्य और केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों पर चर्चा होनी थी। पायलट की प्रेस कॉन्फ्रेंस और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक भी प्रस्तावित थी।