अंबुजा मॉल में दो दिवसीय साइबर अभियान, पुलिस ने बताए ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके
छग
Raipur रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान के तहत राजधानी रायपुर के अंबुजा मॉल में दो दिवसीय विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 15 और 16 अगस्त 2026 को आयोजित कार्यक्रम में मॉल पहुंचे नागरिकों, युवाओं और परिवारों को साइबर अपराध के नए तरीकों के साथ ऑनलाइन ठगी से सुरक्षित रहने के उपाय बताए गए। पुलिस टीम ने लोगों से सीधे संवाद कर उनकी साइबर सुरक्षा से जुड़ी शंकाओं का समाधान भी किया। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस और वीकेंड पर अंबुजा मॉल में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए यहां दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आदित्य पांडे के मार्गदर्शन में कार्यक्रम हुआ। सहायक पुलिस आयुक्त पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पंडरी निरीक्षक परेश पांडे और उनकी टीम ने लोगों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी। पुलिस ने नागरिकों को OTP, PIN, CVV और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। इसके साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध QR कोड स्कैन करने से बचने को कहा गया। फर्जी KYC, बैंक अधिकारी बनकर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश के नाम पर धोखाधड़ी और सोशल मीडिया फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों के बारे में भी लोगों को सतर्क किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की पहल “संवाद से समाधान” के तहत नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद किया गया। उनकी साइबर सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं और सवालों का जवाब देकर डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी दी गई। अभियान को आकर्षक और जनसहभागिता आधारित बनाने के लिए मॉल परिसर में “जागरूकता की एक Selfie” सेल्फी स्टैंड भी लगाया गया। युवाओं और नागरिकों ने सेल्फी लेकर अभियान में भागीदारी की तथा साइबर जागरूकता का संदेश आगे पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की जानी चाहिए। छत्तीसगढ़ पुलिस का साइबर जागृति अभियान 2 अक्टूबर तक विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर जारी रहेगा।