खतरनाक अंधे मोड़ पर बेकाबू हुए दो भारी वाहन, एक खाई में लटका तो दूसरा पलटा
छत्तीसगढ़.
पेंड्रा: निर्माणाधीन नेशनल हाईवे पर स्थित केंदा घाटी में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर केंदा घाटी के खतरनाक अंधे मोड़ पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में लटक गया, वहीं एक लोड ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर नीचे पलट गया। दोनों वाहनों को निकालने के लिए जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। वाहनों को हटाने में काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक भी सतर्क नजर आए और संभलकर अपने वाहनों को निकालते रहे। केंदा घाटी का यह अंधा मोड़ दुर्घटनाओं के लिहाज से लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। यहां आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आने से वाहन चालकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
निर्माणाधीन नेशनल हाईवे पर स्थित इस खतरनाक मोड़ पर हादसों की पुनरावृत्ति के बावजूद दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है। स्थानीय स्तर पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी और जिम्मेदार प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। खतरनाक मोड़ पर पर्याप्त चेतावनी संकेतक, सुरक्षित यातायात व्यवस्था और अन्य जरूरी सुरक्षा उपायों की प्रभावशीलता की जांच आवश्यक है।
लगातार हो रही दुर्घटनाएं यह सवाल खड़ा कर रही हैं कि, आखिर केंदा घाटी के इस खतरनाक मोड़ पर हादसों पर अंकुश लगाने के लिए जिम्मेदार विभाग कब ठोस पहल करेंगे। समय रहते प्रभावी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में भी गंभीर हादसों से इनकार नहीं किया जा सकता है।