रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली थाना क्षेत्र में गांजा बेचने की फिराक में घूम रहीं नागपुर की दो अंतरराज्यीय महिला आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से 1 किलो 972 ग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 98 हजार 600 रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने की है।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोतवाली थाना क्षेत्र के अहमद जी कॉलोनी स्थित बाबर बंगला के पास इमली पेड़ के नीचे दो महिलाएं गांजा लेकर बिक्री करने की फिराक में खड़ी हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखकर भागने लगीं महिलाएं
मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्ध महिलाओं की पहचान की। पुलिस टीम ने जब उनसे पूछताछ करने का प्रयास किया तो दोनों मौके से भागने लगीं। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में महिलाओं ने अपना नाम रंजना उर्फ राजना पात्रे और सीमा उर्फ नीलम पात्रे बताया। दोनों महाराष्ट्र के नागपुर जिले की रहने वाली हैं। पुलिस ने उनके पास मौजूद थैले की तलाशी ली, जिसमें गांजा बरामद हुआ।
98 हजार 600 रुपये का गांजा जब्त
पुलिस ने दोनों महिलाओं के कब्जे से कुल 1.972 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत 98,600 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 415/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
पहले भी चोरी के मामलों में जा चुकी हैं जेल
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों महिलाएं पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुकी हैं। अब पुलिस उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने के साथ अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों महिलाएं गांजा कहां से लेकर आई थीं और रायपुर में इसकी सप्लाई किन लोगों को की जानी थी। इसके लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोतों, संभावित खरीदारों और अन्य संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार महिला आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में रंजना उर्फ राजना पात्रे (60 वर्ष), पति स्वर्गीय राजू पात्रे, निवासी एमजी नगर, कन्हान सिहोरा, नागपुर और सीमा उर्फ नीलम पात्रे (45 वर्ष), पति रविंद्र पात्रे, निवासी सतरापुर कन्हान, नागपुर शामिल हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।