सरपंच की लापरवाही से रोपा लगाने जा रही दो महिलाओं की मौत, ट्रैक्टर पलटा

छग

Update: 2026-07-21 10:39 GMT

बिलासपुर। जिले के हिर्री थाना क्षेत्र के मुड़पार के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा। मिली जानकारी के अनुसार, मुड़पार निवासी चंद्रशेखर पटेल ट्रैक्टर में करीब 19 लोगों को बिठाकर खेत में धान की रोपा लगाने के लिए ले जा रहा था।

बताया जा रहा है कि जिस ट्रैक्टर से हादसा हुआ, वह सकर्रा के सरपंच के नाम पर पंजीकृत है और सभी मजदूर सरपंच के ही खेत में रोपा लगाने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर तेज रफ्तार में चल रहा था। मुड़पार के पास चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही उसमें सवार मजदूर उसके नीचे दब गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। इस भीषण हादसे में बम्लेश्वरी निषाद और मथुरा निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

Tags:    

Similar News