राजनांदगांव: शहर के गौरीनगर तालाब में गोवंश का सिर कटा मिलने की घटना को लेकर शुक्रवार 17 अक्टूबर को जमकर हंगामा हुआ। मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद सहित अन्य हिंदू संगठनों के पदाधिकारी सिटी कोतवाली पहुंच गए। यहां उन्होंने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए थाने का घेराव किया और सर्विस रोड पर प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
गौरीनगर तालाब में दो दिन पहले गोवंश का सिर कटा हुआ मिलने से शहर में नाराजगी का माहौल था। घटना के बाद हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन कर आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई थी। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी हुई थी।
शुक्रवार को एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की सूचना मिलने पर संगठनों के पदाधिकारी कोतवाली पहुंच गए। देखते ही देखते थाने के बाहर प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शन के दौरान संगठनों के पदाधिकारियों ने सिटी कोतवाली का घेराव किया और सर्विस रोड पर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी घटना को लेकर अपना आक्रोश जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे।
प्रदर्शनकारियों ने मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए हिरासत में लिए गए संदिग्ध युवक को फांसी देने की मांग भी उठाई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए युवक की घटना में संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।