फरसा लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में कार्रवाई

छग

Update: 2026-07-12 15:18 GMT
Takhatpur. तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में देर रात मुख्य सड़क पर धारदार फरसा लहराकर लोगों में भय का माहौल बनाने वाले युवक को पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार फरसा जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई की रात करीब साढ़े 11 बजे तखतपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम नवापारा जरौधा की मुख्य सड़क पर एक युवक हाथ में धारदार फरसा लेकर घूम रहा है।

उसे लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। हथियार के प्रदर्शन से क्षेत्र में भय और दहशत का वातावरण निर्मित हो गया था। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तखतपुर थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में युवक की पहचान सतकुमार खाण्डे पिता खोर खाण्डे (25 वर्ष), निवासी ग्राम नवापारा जरौधा के रूप में हुई।

लाइसेंस नहीं दिखा सका आरोपी
पुलिस ने आरोपी से उसके पास मौजूद धारदार फरसा रखने के संबंध में वैध दस्तावेज और लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद गवाहों की उपस्थिति में आरोपी के कब्जे से धारदार फरसा जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

त्वरित कार्रवाई से टली अप्रिय घटना
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर घूमना और लोगों में भय का माहौल बनाना गंभीर अपराध है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से किसी संभावित अप्रिय घटना को टाल दिया गया। इस कार्रवाई को थाना तखतपुर के प्रभारी पर्यवेक्षक अवनीश पासवान के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम ने सूचना मिलते ही सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और हथियार जब्त कर लिया।

हथियारों के प्रदर्शन पर पुलिस की सख्ती
तखतपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर लोगों को डराने या अशांति फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा अवैध हथियार रखा जाता है या सार्वजनिक स्थान पर भय का वातावरण बनाया जाता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Tags:    

Similar News