नशीली कैप्सूल बेचने की फिराक में युवक गिरफ्तार, 250 कैप्सूल बरामद

छग

Update: 2026-07-24 13:51 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। देवेन्द्र नगर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को नशीली मनोत्तेजक कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी एक्टिवा की डिक्की में प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल रखकर ग्राहक की तलाश कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 250 नग नशीली कैप्सूल, एक्टिवा वाहन, मोबाइल और बिक्री की रकम सहित कुल 25 हजार 495 रुपए का सामान जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, देवेन्द्र नगर थाने में पदस्थ उप निरीक्षक श्रवण कुमार मिश्रा को 24 जुलाई 2026 को थाना ड्यूटी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि समलेश्वरी नगर रोड किनारे एक नीले रंग की एक्टिवा क्रमांक CG 04 LC 2931 में फोकटपारा निवासी राम लखन कुशवाहा उर्फ मित्तल नशीली मनोत्तेजक कैप्सूल रखे हुए है और बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए कार्रवाई की तैयारी की। पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों को साथ लिया और मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान समलेश्वरी नगर मंडी के पीछे गेट के सामने रोड किनारे पहुंचकर घेराबंदी की। मौके पर एक व्यक्ति नीले रंग की एक्टिवा के साथ बैठा मिला।
पुलिस ने संदेही व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की, जिसने अपना नाम राम लखन कुशवाहा उर्फ मित्तल पिता शिवनारायण सिंह उम्र 33 वर्ष निवासी पंचायत भवन के सामने फोकटपारा थाना देवेन्द्र नगर रायपुर बताया। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत उसके अधिकारों की जानकारी दी और तलाशी प्रक्रिया पूरी की। तलाशी के दौरान आरोपी की एक्टिवा की डिक्की में रखी काले रंग की झिल्ली मिली। जांच करने पर उसमें नशीली मनोत्तेजक कैप्सूल CYCLOPROX (Dicyclomine Hydrochloride, Tramadol Hydrochloride and Acetaminophen Capsules) बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि दो पैकेट में 10-10 पत्ते रखे थे, जिनमें प्रत्येक पत्ते में 100-100 कैप्सूल थे। इसके अलावा अलग से 5 पत्ते मिले, जिनमें कुल 50 कैप्सूल थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 250 नग CYCLOPROX कैप्सूल जब्त किए, जिनकी कीमत करीब 1 हजार 855 रुपए बताई गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से नशीली दवा की बिक्री से प्राप्त 1 हजार 640 रुपए नगद, एक नीले रंग की एक्टिवा वाहन जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए और एक सैमसंग कंपनी का की-पैड मोबाइल जिसकी कीमत करीब 2 हजार रुपए है, जब्त किया गया है। पुलिस ने जब्त नशीली कैप्सूल की जांच और तौल प्रक्रिया पूरी की। कार्रवाई के दौरान इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से कैप्सूल का वजन किया गया। पुलिस के अनुसार एक कैप्सूल का वजन करीब 55 मिलीग्राम पाया गया, जिसमें पाउडर का वजन लगभग 45 मिलीग्राम और कैप्सूल के खोल का वजन करीब 10 मिलीग्राम था। बरामद सामग्री का कुल वजन लगभग 112.5 ग्राम बताया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी से नशीली कैप्सूल रखने और बिक्री करने के संबंध में दस्तावेज मांगे गए, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी राम लखन कुशवाहा उर्फ मित्तल को 24 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत अभिरक्षा में लिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी
नशीली कैप्सूल
कहां से लाता था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। देवेन्द्र नगर थाना पुलिस का कहना है कि शहर में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ऐसे लोगों पर नजर रख रही है जो युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले प्रतिबंधित पदार्थों की बिक्री में शामिल हैं। अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशीली दवाओं की बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
Tags:    

Similar News