हनीट्रैप: इंस्टाग्राम पर सालगिरह की बधाई देकर फंसाया, ₹50 लाख मांगे, युवती समेत 4 गिरफ्तार
किया ब्लैकमेल.
मोरबी: गुजरात के मोरबी में हनीट्रैप के जरिए एक शादीशुदा युवक से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक युवती समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
ऐसे बिछाया गया हनीट्रैप का जाल
शिकायत के अनुसार पीड़ित युवक 22 साल का है और मोरबी के रवापर रोड पर रहता है। उसकी शादी की सालगिरह के दिन इंस्टाग्राम पर काजल परमार नाम की युवती का बधाई संदेश आया। इसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी और युवती ने युवक को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया।
युवती ने वीडियो कॉल पर युवक से कहा कि उसे कोई जरूरी बात करनी है। इसी बहाने उसने युवक को 4 नवंबर को नेशनल हाईवे के दूसरी तरफ स्थित 'फन होटल' में मिलने बुलाया। अगले ही दिन युवती ने फोन करके बताया कि उनकी मुलाकात की बात उसके भाई को पता चल गई है और अब समझौता करना होगा।
कथित भाई ने बुलाया, फिर शुरू हुई ब्लैकमेलिंग
कुछ समय बाद खुद को युवती का भाई बताने वाले किशन उर्फ राजूभाई मुछडिया ने युवक को फोन किया और पंचासर चौकड़ी पर मिलने बुलाया। वहां राजू, तेजस, भावेश और उनके साथियों ने मामला निपटाने के बदले 50 लाख रुपये की मांग रखी। बातचीत के बाद 12 लाख रुपये पर बात बनी।
जब युवक ने यह रकम नहीं दी, तो आरोपी उसके घर पहुंच गए और धमकियां देकर ब्लैकमेल करने लगे। इसके बाद युवक ने पांच आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
हनीट्रैप गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई और इन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया:
राजूभाई उर्फ किशन मुछडिया
तेजसभाई उर्फ तेजो पधारिया
भीमजीभाई परमार
काजल बेन परमार
पांचवें आरोपी भावेश कणजारिया को पकड़ने के लिए कार्रवाई जारी है।
क्या पहले भी किसी को बनाया शिकार?
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपियों ने हनीट्रैप की यह वारदात पहली बार की है या इससे पहले भी किसी और को अपने जाल में फंसाया है।