नारनौल में ठगी का मामला, बीएसएफ जवान को बनाया निशाना
नारनौल में बीएसएफ जवान हुआ धोखाधड़ी का शिकार
नारनाैल: नारनौल के नीरपुर गांव निवासी बीएसएफ जवान को एलआईसी पॉलिसी का कमीशन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने दाे लाख 22 हजार 250 रुपये ठग लिए। आरोपियों ने पहले कस्टमर आईडी बनवाने और फिर ई-इंश्योरेंस एक्टिवेट कराने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करवाई। पीड़ित की शिकायत पर थाना शहर नारनौल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि नीरपुर निवासी कर्मवीर सिंह राजस्थान के जैसलमेर में बीएसएफ में तैनात है। सितंबर-अक्टूबर में वह छुट्टी पर घर आया हुआ था। इसी दौरान 19 सितंबर को उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को एलआईसी मुख्य कार्यालय का कर्मचारी बताया और कहा कि उसकी पॉलिसी का पैसा शेयर मार्केट में निवेश किया गया था, जिसका कमीशन आया हुआ है।
कमीशन दिलाने के नाम पर आरोपी ने कस्टमर आईडी बनवाने के लिए 52 हजार 250 रुपये मांगे। जवान ने अपने खाते से 10 हजार और साथी के खाते से 42 हजार 250 रुपये बताए गए खातों में जमा करवा दिए। इसके बाद 23 सितंबर को दूसरे नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने दूसरी पॉलिसी का कस्टमर कोड बनाने के लिए 90 हजार रुपये मांगे। यह रकम भी जवान ने साथी के खाते से ट्रांसफर कर दी।
बाद में खुद को कंपनी अधिकारी विजय सिंह बताने वाले व्यक्ति ने पॉलिसियों के 14 लाख 12 हजार 861 रुपये 13 अक्टूबर तक मिलने का भरोसा दिया। इसके बाद ई-इंश्योरेंस एक्टिवेट कराने के नाम पर तीन लाख 25 हजार रुपये मांगे गए। रकम कम होने पर जवान ने 80 हजार रुपये और भेज दिए। बाद में बैंक कर्मचारियों से जानकारी लेने पर ठगी का पता चला। पीड़ित ने 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर क्राइम पंचकूला से जीरो एफआईआर मिलने के बाद नारनौल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।