PGI रोहतक का डॉक्टर बनकर घर में घुसा ठग, महिला और सास को इंजेक्शन देकर लूटे गहने
पहले जीता भरोसा, फिर लगाया बेहोशी का इंजेक्शन, घर से गहने और नकदी लेकर फरार
नारनौल: गांव देवास निवासी संगीता ने इस मामले में 15 नवंबर को पुलिस को शिकायत दी। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, घटना छह जुलाई की है। शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नीली बत्ती वाली गाड़ी से पहुंचा था आरोपी
संगीता ने पुलिस को बताया कि छह जुलाई को उसकी सास मुन्नी देवी सिलारपुर बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान अटेली की तरफ से नीली बत्ती लगी सफेद रंग की एक गाड़ी वहां पहुंची। गाड़ी के चालक ने देवास जाने की बात कहकर मुन्नी देवी को उसमें बैठा लिया।
गांव पहुंचने के बाद आरोपी उनके घर आया और खुद को पीजीआई रोहतक का डॉक्टर बताया। बातचीत के दौरान उसे पता चला कि संगीता की शादी को दो साल हो चुके हैं, लेकिन अभी तक उसकी कोई संतान नहीं है।
आरोपी ने इसी बात को आधार बनाकर संगीता का चेकअप करने और अल्ट्रासाउंड मशीन से जांच करने का भरोसा दिया।
पहले पति को बाहर भेजा, फिर महिला को बनाया निशाना
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने सबसे पहले संगीता के पति संदीप का चेकअप किया और इसके बाद उसे कमरे से बाहर भेज दिया। फिर उसने संगीता को अकेले बुलाया और बातचीत के दौरान मीठी-मीठी बातें करने लगा।
आरोपी ने धीरे-धीरे संगीता का विश्वास जीत लिया और उसे धर्म की बहन बना लिया। भरोसा कायम होने के बाद उसने चेकअप करने के बहाने संगीता से अपने सोने के आभूषण उतारने को कहा।
महिला ने आरोपी की बातों पर विश्वास करते हुए अपनी सोने की चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र और झुमकी उतार दी। इसके बाद आरोपी ने अपना अगला कदम उठाया।
इंजेक्शन लगाकर सास-बहू को किया बेहोश
संगीता के अनुसार, आरोपी ने उसे और उसकी सास मुन्नी देवी को इंजेक्शन लगा दिए। इंजेक्शन लगने के बाद दोनों की हालत ऐसी हो गई कि वे कुछ समझ नहीं पा रही थीं। इसी दौरान आरोपी घर में रखे 29 हजार रुपये नकद और सोने के गहने लेकर फरार हो गया।
कुछ समय बाद जब संगीता को होश आया तो उसने आरोपी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया। आरोपी ने बातचीत के दौरान गहने वापस करने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया।
दीवाली पर परिजनों को बताई घटना, पुलिस ने शुरू की जांच
संगीता ने बताया कि घटना के बाद आरोपी के संपर्क में आने और गहने वापस मिलने की उम्मीद में उसने तत्काल पुलिस को शिकायत नहीं दी। बाद में दीवाली के अवसर पर उसने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई और इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
सदर थाना पुलिस ने संगीता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी एएसआई कुलजीत को सौंपी गई है।
फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के सामने आरोपी तक पहुंचने और चोरी किए गए गहनों की बरामदगी की चुनौती है।