नूंह: हरियाणा के नूंह जिले के गांव घासेड़ा के एक साधारण परिवार के छात्र मुहम्मद रिहान ने कुरान-ए-पाक को पूरी तरह कंठस्थ (हिफ्ज) कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि पर पैतृक गांव घासेड़ा की मस्जिद मेदखा में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में ग्रामीणों ने हाफिज-ए-कुरान बने मुहम्मद रिहान और उनके पिता मुहम्मद कासिम का फूल-मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया। इस दौरान उन्हें नकद पुरस्कार देकर भी सम्मानित किया गया।

मुहम्मद रिहान की इस उपलब्धि को गांव और परिवार के लिए गर्व का अवसर बताते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाज के गणमान्य लोग सम्मान समारोह में शामिल हुए। सभी ने उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मदरसे में शिक्षा ग्रहण कर हासिल की उपलब्धि

जानकारी के अनुसार मुहम्मद रिहान ने गांव मेवली स्थित मदरसा ईशा अतुल इस्लाम में शिक्षा ग्रहण करते हुए कुरान-ए-पाक को हिफ्ज करने की उपलब्धि हासिल की है। इस सफलता के बाद उनके पैतृक गांव घासेड़ा में खुशी जाहिर करने के लिए सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता औसाफ नंबरदार ने की। इस दौरान गांव के गणमान्य व्यक्तियों और समाज के मौजिज लोगों ने भाग लिया। समारोह में उपस्थित लोगों ने रिहान की सफलता को धार्मिक और शैक्षणिक क्षेत्र की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

वक्ताओं ने मेहनत और अनुशासन को बताया सफलता का आधार

सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि कुरान-ए-पाक को हिफ्ज करना एक बड़ी धार्मिक और शैक्षणिक उपलब्धि है। इसके लिए लगातार मेहनत, लगन, धैर्य और अनुशासन की आवश्यकता होती है। मुहम्मद रिहान ने अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल कर परिवार, गांव और अपने शिक्षकों का नाम रोशन किया है।

उन्होंने कहा कि रिहान की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। शिक्षा के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

पिता और भाई ने जताई खुशी

मुहम्मद रिहान के पिता मुहम्मद कासिम और भाई रिजवान अली ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व और प्रसन्नता का अवसर है। ग्रामीणों की ओर से मिले सम्मान और प्रोत्साहन के लिए उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।

गणमान्य लोगों ने दी मुबारकबाद

समारोह में औसाफ नंबरदार, उमर मुहम्मद, मियांजी आस मुहम्मद, तौफीक खान और खालिद मेवाती सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने हाफिज मुहम्मद रिहान, उनके पिता मुहम्मद कासिम, मदरसा संचालक मौलाना अरशद और कारी अब्दुल बारी को मुबारकबाद पेश की।

गांव की मस्जिद मेदखा में आयोजित इस सम्मान समारोह में रिहान की उपलब्धि पर लोगों ने खुशी जाहिर की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Tags: