एक घंटे तक दुष्कर्म की कोशिश, आरोपी ने बनाया वीडियो

Update: 2026-07-29 16:12 GMT

अंबाला। हरियाणा के अंबाला में सातवीं कक्षा की छात्रा के साथ हुई कथित दरिंदगी के मामले में पीड़िता ने बाल कल्याण समिति के सामने अपनी आपबीती बताई। बुधवार को हुई करीब डेढ़ घंटे की काउंसिलिंग के दौरान छात्रा भावुक हो गई और घटना को याद कर रोने लगी। घटना के दूसरे दिन भी छात्रा डरी और सहमी हुई नजर आई। समिति ने छात्रा को मानसिक सहारा देने के साथ ही सरकार की योजना के तहत आठ हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की है। वहीं, पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह स्कूल जाने के दौरान सातवीं कक्षा की छात्रा को नेशनल हाईवे के पास एक व्यक्ति ने कथित तौर पर जबरदस्ती झाड़ियों में खींच लिया। आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ करीब एक घंटे तक दुष्कर्म का प्रयास किया और इस दौरान उसका वीडियो भी बनाया। छात्रा ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन शारीरिक रूप से कमजोर होने के कारण उसकी आवाज आसपास तक नहीं पहुंच सकी।

बाल कल्याण समिति के सामने हुई काउंसिलिंग में छात्रा ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे जब वह स्कूल जा रही थी, तभी निजी अस्पताल के पास एक युवक ने उसका मुंह दबाकर उसे झाड़ियों में ले गया। छात्रा के अनुसार आरोपी की उम्र करीब 21 से 22 साल के बीच थी और उसकी लंबाई लगभग 5.2 फीट थी। उसने ग्रे रंग की टी-शर्ट, जींस और सफेद जूते पहन रखे थे।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने जबरदस्ती उसके कपड़े उतारे और उसके साथ गलत हरकतें कीं। करीब एक घंटे तक वह दुष्कर्म का प्रयास करता रहा। जब छात्रा डर के कारण चिल्लाने लगी तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया। आरोपी ने उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो वह वीडियो वायरल कर देगा और उसे जान से मार देगा।

छात्रा ने बताया कि वह आरोपी को पहले से नहीं जानती थी। घटना के दौरान आरोपी के मोबाइल पर एक कॉल भी आई थी। मौका मिलते ही छात्रा किसी तरह वहां से भाग निकली। वह निर्वस्त्र अवस्था में ही हाईवे की ओर दौड़ी, जहां एक महिला ने उसे देखा और अपनी चुन्नी देकर उसकी मदद की। इसके बाद छात्रा अपने घर पहुंची और परिवार को पूरी घटना बताई।

काउंसिलिंग के दौरान समिति के सदस्यों ने छात्रा को सामान्य करने की कोशिश की। बताया गया कि छात्रा शारीरिक रूप से काफी कमजोर है। जब उससे जोर से आवाज लगाने को कहा गया तो उसकी आवाज कमरे के बाहर तक नहीं पहुंच सकी। समिति के अनुसार, छात्रा का वजन करीब 28 किलो और लंबाई लगभग 4 फीट 7 इंच है।

घटना के बाद छात्रा मानसिक रूप से काफी परेशान है। समिति ने बताया कि दूसरे दिन भी वह काफी डरी हुई थी और घटना को याद करते हुए भावुक हो गई। छात्रा को पढ़ाई और देखभाल में सहायता देने के उद्देश्य से आठ हजार रुपये की आर्थिक मदद दी गई है।

उधर, पुलिस ने आरोपी की पहचान कर लेने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी की बाइक भी बरामद कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस और प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

Tags:    

Similar News