Chandigarh चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर कांग्रेस और INDI गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा ऐसी राजनीति करती रही है, जिससे देश कमजोर होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहने पर लूट और सत्ता से बाहर रहने पर झूठ की राजनीति करती है। चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस और INDI गठबंधन के नेता दूसरों पर आरोप लगाते हैं, लेकिन जब उनके अपने राज्यों में इसी तरह के मामले सामने आते हैं तो वे चुप्पी साध लेते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को हर मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों पर गंभीरता दिखानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने मनीष सिसोदिया के पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने कहा था कि अगर उनके यहां पेपर लीक होगा तो उसी दिन शिक्षा मंत्री का इस्तीफा ले लिया जाएगा। नायब सैनी ने आरोप लगाया कि पंजाब में फार्मेसी परीक्षा के पेपर लीक मामले के बावजूद आम आदमी पार्टी के नेता इस मुद्दे पर चुप हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और INDI गठबंधन के अन्य नेताओं को पंजाब के पेपर लीक मामले दिखाई नहीं देते, जबकि वे दूसरे राज्यों में होने वाली घटनाओं को लेकर सवाल उठाते हैं। उन्होंने इस रवैये को लेकर विपक्ष पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि पेपर लीक जैसे मामले युवाओं के भविष्य से जुड़े होते हैं और सरकारों को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भ्रष्टाचार को लेकर भी हमला बोला और कहा कि जो लोग दूसरों पर उंगली उठाते हैं, उन्हें पहले अपने राज्यों और सरकारों में हो रही घटनाओं का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।