नारनाैल: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, उनके लिए राहत की खबर है। चुनाव आयोग ने ऐसे पात्र मतदाताओं को अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने का एक और अवसर देने का निर्णय लिया है। उपायुक्त अनुपमा अंजली ने शनिवार को जिले के सभी पात्र नागरिकों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।

उपायुक्त ने बताया कि यह अवसर विशेष रूप से उन मतदाताओं के लिए है, जिन्हें गणना फॉर्म उपलब्ध करवाए गए थे, लेकिन वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म भरकर वापस नहीं कर सके। ऐसे मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरी प्रविष्टि (एएसडीडी) की श्रेणी में रखकर ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया था।

उन्होंने बताया कि ऐसे मतदाताओं की बूथवार सूची तैयार कर दोबारा सार्वजनिक की जाएगी। इस सूची में नाम शामिल नहीं होने के संभावित कारणों का भी उल्लेख होगा। नागरिक यह सूची अपने मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकाय कार्यालयों और खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालयों में देख सकेंगे। इसके अलावा मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी सूची पीडीएफ के रूप में उपलब्ध करवाई जाएगी।

मतदाता ऑनलाइन ईसीआईनेट के माध्यम से ई-साइन के साथ अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं। इसके अलावा बीएलओ से संपर्क करने के लिए चुनाव आयोग की वेबसाइट और ऐप पर 'बुक ए कॉल विद बीएलओ' सुविधा भी उपलब्ध है। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने की प्रक्रिया पूरी करें।

Tags: