Faridabad: गो-तस्करी केस में फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने इनाम घोषित किया था
गो-तस्करी नेटवर्क पर वार, फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद: क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने अदालत से लम्बे समय से फरार चल रहे पांच हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वकील उर्फ पिकअप निवासी गांव उटावड़, जिला पलवल के रुप में हुई है, वह थाना सदर बल्लभगढ़ में दर्ज हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौ संवर्धन अधिनियम के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था, जिस पर फरीदाबाद पुलिस द्वारा पांच हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस ने आरोपी को गुरुवार अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने 22 जुलाई को गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी वकील को उसके गांव उटावड़ में दबिश देकर गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात के बाद से ही फरार चल रहा था और दक्षिण भारत में ट्रक चालक का कार्य कर रहा था।
करीब दस दिन पहले ही वह अपने गांव वापस आया था। घटना के समय जिस वाहन में गौवंश को भरकर ले जाया जा रहा था, उसे आरोपित वकील उर्फ पिकअप चला रहा था। गाड़ी को मौका पर ही बरामद कर लिया गया था। बता दें कि फरवरी 2025 में पर्वतीय कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर थाना सदर बल्लभगढ़ में गौ तस्करी करने व वाहन चढ़ाने का प्रयास तथा फायरिंग करने के संबंध में एक मामला दर्ज किया गया था। कैंटर गाड़ी में 21 गोवंश भरे हुये थे। जिस गाड़ी को पुलिस टीम ने मौका पर ही काबू कर लिया था।