Hisar: हिसार की सिविल सर्जन सहित आठ अधिकारियों पर अनुशासनात्मक एक्शन
हिसार स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक एक्शन, आठ अधिकारी निशाने पर
हिसार: हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में लापरवाही और जवाबदेही की कमी को गंभीरता से लेते हुए हिसार की सिविल सर्जन सहित आठ स्वास्थ्य अधिकारियों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के आदेश जारी किए हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम, 2016 के नियम-8 के तहत संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। सरकार का कहना है कि अधिकारियों ने 'सार्थक टीम' के नोटिसों का संतोषजनक जवाब नहीं दिया, कार्य के प्रति उदासीनता दिखाई और अपने दायित्वों के निर्वहन में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं किया।
इन अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
कार्रवाई के दायरे में शामिल अधिकारियों में:
हिसार की सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत
सीएचसी मंगाली के एसएमओ डॉ. सज्जन
सीएचसी सीसवाल की एसएमओ डॉ. आशिमा चौधरी
सीएचसी खांडा खेड़ी के एसएमओ डॉ. नरेंद्र शर्मा
सीएचसी मिर्जापुर के एसएमओ डॉ. विक्रम
सीएचसी आर्यनगर के एसएमओ डॉ. रोशनलाल
उप सिविल सर्जन (एनएचएम) डॉ. जितेंद्र शर्मा
उप सिविल सर्जन (एनसीडी) डॉ. नीरज गुप्ता
15 दिन में मांगा आरोप-पत्र का प्रारूप
स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने आदेशों की प्रति राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), हरियाणा के मिशन निदेशक को भी भेजी है। साथ ही स्वास्थ्य सेवाएं, हरियाणा के महानिदेशक को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आरोप-पत्र का प्रारूप विभागीय अधिवक्ता से जांच कराकर 15 दिनों के भीतर सरकार को भेजा जाए, ताकि आगे की विभागीय कार्रवाई की जा सके।
सरकार के इस कदम को स्वास्थ्य विभाग में जवाबदेही और कार्य संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, सरकार अब कार्य निष्पादन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के संकेत दे रही है।