Hisar: विहिप नेता को धमकी देने वाला मामला, जांच में जुटी पुलिस
फिरौती मांगने से हड़कंप, विहिप नेता की सुरक्षा पर सवाल
हिसार: विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष एवं निर्माणाधीन कनॉट प्लेस के निदेशक सुरेंद्र जांगड़ा से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में बदमाशों ने तीन दिन में दूसरी बार धमकी देकर पुलिस की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बदमाशों ने अल्टीमेटम की दो दिन की अवधि पूरी होते ही विहिप नेता को दोबारा फोन कर चेतावनी दी कि वह कितनी भी कोशिश कर लें, दो करोड़ रुपये देने ही पड़ेंगे।
विहिप जिला अध्यक्ष सुरेंद्र जांगड़ा ने बताया कि उन्हें शुक्रवार दोपहर फिर धमकी मिली। उनके अनुसार पहली धमकी 29 जुलाई शाम को आई थी, जिसमें दो दिन के भीतर दो करोड़ रुपये देने की मांग की गई थी। समय सीमा पूरी होते ही बदमाशों ने दोबारा फोन कर धमकाया। लगातार मिल रही धमकियों से परिवार में असुरक्षा का माहौल है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि धमकी भरी कॉल आई है। अभी मामला दर्ज नहीं हुआ है और पुलिस जांच कर रही है।
सुरेंद्र जांगड़ा के अनुसार बुधवार शाम करीब 6:20 बजे उनके व्हाट्सएप पर पुर्तगाल के नंबर (+351925884932) से कॉल आई थी, लेकिन व्यस्त होने के कारण वह कॉल रिसीव नहीं कर सके। करीब दो मिनट बाद उसी नंबर से 25 सेकंड का वॉयस मैसेज भेजा गया।
वॉयस मैसेज में खुद को ‘गिली राणा’ बताते हुए आरोपी ने कहा कि वह रोहित गोदारा ग्रुप से बोल रहा है और दो करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की। आरोपी ने दो दिन के भीतर रकम देने की चेतावनी देते हुए कहा कि पैसे नहीं देने पर सुरेंद्र जांगड़ा और उनके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। उसने यह भी कहा कि उसकी पहचान एसपी या डीएसपी से सत्यापित कराई जा सकती है।
क्लॉथ मार्केट व्यापारी से मांगे थे पांच करोड़
इससे पहले 14 जुलाई को हिसार की क्लॉथ मार्केट के व्यापारी सुभाष काठपाल से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था। उस मामले में भी पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
लगातार बढ़ रहे रंगदारी के मामले
हिसार में पिछले सात महीनों के दौरान गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर रंगदारी मांगने का यह 10वां मामला है। इससे पहले भी रोहित गोदारा के नाम से कई लोगों से रंगदारी मांगी जा चुकी है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने व्यापारिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों में चिंता बढ़ा दी है।