हिसार पुलिस की सराहनीय पहल, लापता मासूम को सकुशल पहुंचाया घर
हिसार पुलिस ने ढूंढ निकाला लापता बच्चा, परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
हिसार: घर से लापता हुए 13 वर्षीय बच्चे को पुलिस ने मंगलवार को सकुशल तलाशकर परिजनों के हवाले कर दिया। बच्चा रविवार शाम से लापता था। उसकी तलाश में परेशान परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया था। पुलिस की तत्परता से बच्चा मिल गया, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
बच्चे की पहचान लेबर कॉलोनी निवासी प्रदीप के बेटे कुनाल उर्फ पल्लू के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देश पर लापता बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत चौकी एचएयू की टीम ने उसकी तलाश शुरू की थी। पुलिस टीम ने प्रयास करते हुए बच्चे को सकुशल ढूंढ निकाला और परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बच्चे के सुरक्षित घर लौटने पर परिजनों ने हिसार पुलिस की तत्परता और सहयोग के लिए आभार जताया।