रेवाड़ी में भीषण सड़क हादसा, पति-पत्नी समेत चार श्रद्धालुओं की मौत
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा
रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी में एक भीषण सड़क हादसे में दिल्ली के चार लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब परिवार राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने के बाद कार से दिल्ली लौट रहा था। रास्ते में एक ट्राला उनकी कार पर पलट गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई। धार्मिक यात्रा से घर लौट रहे परिवार के साथ हुए हादसे से परिजनों में मातम छा गया है।
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बनीपुर चौक के पास हादसा
दुर्घटना दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनीपुर चौक के नजदीक हुई। रात करीब साढ़े 11 बजे श्रद्धालुओं की कार के पास चल रहा चने की बोरियों से लदा ट्राला अचानक नियंत्रण खो बैठा और कार पर जा गिरा। भारी वाहन के नीचे कार में सवार पांचों लोग फंस गए।
क्रेन की मदद से निकाले गए कार सवार
राहगीरों से सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। क्रेन से ट्राला हटाकर सभी यात्रियों को बावल के अस्पताल पहुंचाया गया।
पति-पत्नी समेत चार लोगों की मौत
हादसे में दिल्ली के पालम निवासी दीपक और उनकी पत्नी दिव्या तथा सुभाष नगर निवासी नितिन और सरिता की मौत हो गई। दीपक का बेटा गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी लोग राजस्थान के सीकर स्थित खाटू श्याम धाम में दर्शन करने गए थे। वापसी के दौरान यह दुर्घटना हुई।
दो घंटे तक प्रभावित रहा हाईवे पर यातायात
दुर्घटना के चलते दिल्ली-जयपुर हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। करीब दो घंटे बाद पुलिस ने यातायात सामान्य कराया। दुर्घटना के बाद ट्राला चालक फरार हो गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।