चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने सोनीपत के गन्नौर और आसपास के इलाके को अतिरिक्त नियंत्रित क्षेत्र-III घोषित किया है। इसके तहत गन्नौर के आसपास के आठ गांवों की निर्धारित जमीन को नियोजित विकास के दायरे में लाया गया है। अब इस क्षेत्र में भवन निर्माण से लेकर औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों तक के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। मनमाने ढंग से निर्माण और जमीन का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। सरकार ने हरियाणा अनुसूचित सड़क एवं नियंत्रित क्षेत्र अनियमित विकास प्रतिबंध अधिनियम, 1963 की धारा 4(1) के तहत इस इलाके को नियंत्रित क्षेत्र घोषित किया है। विभाग के अनुसार, यह क्षेत्र भवन निर्माण, औद्योगिक, व्यावसायिक, संस्थागत और मनोरंजन संबंधी गतिविधियों के लिहाज से विकास की संभावनाएं रखता है। नए क्षेत्र की सीमा कई स्थानों पर पहले से अधिसूचित सोनीपत महानगर क्षेत्र और गन्नौर-खानपुर कलां सहित अन्य नियंत्रित क्षेत्रों की सीमाओं से मिलती है। इससे आसपास के विकास क्षेत्रों के बीच नियोजन की निरंतरता बनी रहेगी।

इन गांवों की जमीन आएगी दायरे में

अधिसूचना में गन्नौर के आसपास के पुगथला, नैना ततारपुर, सालारपुर माजरा, पिनाना, बाजाना कलां, शामड़ी सीसान, शामड़ी लोचब बैरन और बाजाना खुर्द गांवों की राजस्व सीमाओं के आधार पर नए क्षेत्र की सीमा तय की गई है। ध्यान रहे कि अधिसूचना में इन गांवों के पूरे राजस्व क्षेत्र को शामिल नहीं किया गया है, बल्कि नक्शे में निर्धारित सीमाओं के भीतर आने वाले हिस्से को नियंत्रित क्षेत्र घोषित किया गया है।

सोनीपत महानगर क्षेत्र से भी जुड़ेगा

नए नियंत्रित क्षेत्र की उत्तरी सीमा पानीपत और सोनीपत जिलों की साझा सीमा से शुरू होती है और आगे पहले से अधिसूचित सोनीपत महानगर क्षेत्र की सीमा से मिलती है। पूर्व में सोनीपत महानगर क्षेत्र की अधिसूचित सीमा, दक्षिण में नैना ततारपुर, सालारपुर माजरा और पिनाना की राजस्व सीमाएं तथा पश्चिम में पहले से घोषित नियंत्रित क्षेत्रों की सीमाओं को आधार बनाया गया है।

Tags: