छह झुग्गियों को आग ने किया खाक, हिसार में हादसा
हिसार में आग की घटना, छह झुग्गियां जलकर राख हुईं
हिसार: शहर में सेक्टर-14 और सेक्टर-33 के डिवाइडर रोड के पास मंगलवार को अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते छह झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग के दौरान एक गैस सिलेंडर फटने से लपटें और भड़क गईं। इस अग्निकांड में झुग्गियों में रखा कपड़ा, बर्तन, चारपाइयां, अलमारियां, बैग और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। एक महिला का हाथ भी आग की लपटों से झुलस गया। गनीमत रही कि किसी बड़े जानी नुकसान की सूचना नहीं है।
आग लगते ही झुग्गियों में रहने वाले परिवारों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घरों से सामान निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण वे काफी सामान नहीं बचा सके। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अनाज मंडी थाना पुलिस के कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और दमकल कर्मियों के साथ आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग बुझने के बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर सुलग रहे सामान की जांच की। दोबारा आग भड़कने की आशंका को देखते हुए गैस सिलेंडरों को भी तलाशकर सुरक्षित करने का प्रयास किया गया। अग्निकांड में प्रभावित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। जली हुई झुग्गियों में लोग अपनी बची-खुची चीजें तलाशते नजर आए। किसी के कपड़े जल गए तो किसी के बर्तन और बिस्तर राख हो गए। अचानक आई इस आफत से प्रभावित परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।