सोनीपत: सोनीपत जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल गुरुवार को पुलिस लाइन में आयोजित की गई। उपायुक्त नेहा सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सभी जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम बधाई दी। उन्होंने कहा कि हर देशवासी को राष्ट्रीय पर्व में देशभक्ति के जज्बे के साथ भाग लेते हुए वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन एवं स्मरण करना चाहिए।

राष्ट्रीय ध्वज फहराने के उपरांत उपायुक्त नेहा सिंह ने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद परेड कमांडर मलकीत सिंह के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस की महिला एवं पुरुष टुकड़ियों, हरियाणा गृहरक्षी, हिन्दुस्तान गाइड्स, रेडक्रॉस जूनियर्स, भारत स्काउट सहित अन्य टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया। पीएसआई मंजू के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस महिला, पीएसआई सौरव के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस पुरुष तथा प्लाटून कमांडर अभिषेक के नेतृत्व में गृहरक्षी हरियाणा की टुकड़ी सहित अन्य टुकड़ियों ने कदम से कदम मिलाकर अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।

परेड के उपरांत विभिन्न स्कूलों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने शानदार पीटी शो प्रस्तुत कर दर्शकों में उत्साह का संचार किया। आठ विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति, सांस्कृतिक विविधता एवं सामाजिक संदेशों से ओत-प्रोत मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। जीएमएसएसएसएस मॉडल टाउन द्वारा फ्यूजन डांस, पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुरथल अड्डा द्वारा हरियाणवी नृत्य, द स्प्रिंग एरा पब्लिक स्कूल द्वारा गुजराती नृत्य, ब्राइट स्कॉलर सीनियर सेकेंडरी स्कूल द्वारा पंजाबी नृत्य, जांकीदास कपूर पब्लिक स्कूल द्वारा एक्शन डांस तथा शिवा शिक्षा सदन सोनीपत द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित प्रस्तुति दी गई। रेणु विद्या मंदिर स्पेशल स्कूल के विद्यार्थियों ने विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, डीएवी मल्टीपर्पज स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान की प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन किया।

उपायुक्त नेहा सिंह ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं अन्य कार्यक्रमों का अवलोकन करते हुए उनकी बेहतरीन प्रस्तुति के लिए संबंधित अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां समयबद्ध एवं समुचित तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीसीपी नरेंद्र कादियान, एडीसी अजय चोपड़ा, एसडीएम सुभाष चंद्र, सीईओ जिला परिषद डॉ. अनमोल, संयुक्त आयुक्त नगर निगम मीतू धनखड़, एसीपी मलकीत सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, डीएसओ मनोज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: