सेना की तैयारी कर रहा छात्र बना साइबर ठग, दोस्त के भाई ने फंसाया

Update: 2026-07-28 10:56 GMT

हरियाणा: पलवल जिले में साइबर अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे एक छात्र को नौकरी और पार्ट-टाइम काम का झांसा देकर साइबर ठगी के जाल में फंसा लिया गया। आरोपी ने छात्र के नाम पर बैंक खाता खुलवाया और फिर उसी खाते का इस्तेमाल साइबर अपराध से जुड़ी रकम के लेनदेन के लिए किया। मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस थाना पलवल ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पलवल के डकौरा गांव निवासी सुमित मैकेनिकल में डिप्लोमा की पढ़ाई कर रहा है और साथ ही सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसकी दोस्ती गांव के ही घनश्याम नामक युवक से हुई। घनश्याम के माध्यम से सुमित की पहचान उसके भाई चतुर्भुज से हुई। आरोप है कि चतुर्भुज ने सुमित को पार्ट-टाइम नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और उसे अच्छी कमाई का लालच दिया।

सुमित ने बताया कि आरोपी ने उससे कहा कि नौकरी के लिए एक बैंक खाते की जरूरत होगी, जिसमें वेतन भेजा जाएगा। आरोपी की बातों पर विश्वास करते हुए सुमित ने होडल स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में अपने नाम से खाता खुलवा लिया। इसके लिए उसने नया मोबाइल नंबर भी लिया और उसे बैंक खाते से लिंक करा दिया।

शिकायत के मुताबिक, खाता खुलवाने के बाद चतुर्भुज ने धीरे-धीरे सुमित से बैंक खाते से जुड़ी जरूरी चीजें अपने कब्जे में ले लीं। आरोपी ने बैंक से जुड़े सिम कार्ड, पासबुक और चेकबुक अपने पास रख लिए। इसके बाद जब डाक के माध्यम से सुमित का एटीएम कार्ड आया तो उसे भी आरोपी ने ले लिया।

सुमित का कहना है कि आरोपी लगातार उसे नौकरी मिलने में समय लगने की बात कहकर टालता रहा। उसे काफी समय तक यह जानकारी नहीं थी कि उसके बैंक खाते का इस्तेमाल किसी गलत काम के लिए किया जा रहा है। बाद में जब उसे पता चला कि उसके खाते से साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतें दर्ज हैं और खाते में संदिग्ध पैसों का लेनदेन हुआ है तो उसके होश उड़ गए।

पीड़ित छात्र ने पुलिस को बताया कि उसने अपने बैंक खाते का इस्तेमाल किसी भी तरह के साइबर अपराध में नहीं किया है। उसका आरोप है कि चतुर्भुज ने धोखे से उसके नाम पर बैंक खाता खुलवाया और उसके दस्तावेजों व बैंक सुविधाओं का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सुमित ने साइबर क्राइम पुलिस थाना पलवल में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी चतुर्भुज के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साइबर थाना प्रभारी संदीप ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच अधिकारी मोहित भाटी को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साइबर अपराधी अक्सर बेरोजगार युवाओं और छात्रों को नौकरी, पार्ट-टाइम कमाई या आसान पैसे का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते हैं। बाद में इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम को इधर-उधर भेजने के लिए किया जाता है। ऐसे मामलों में खाता धारक भी जांच के दायरे में आ जाते हैं, भले ही उन्हें पूरे मामले की जानकारी न हो।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, मोबाइल नंबर, ओटीपी या अन्य बैंकिंग जानकारी किसी को न दें। नौकरी या कमाई के नाम पर यदि कोई व्यक्ति बैंक खाता खुलवाने या उससे जुड़ी जानकारी मांगता है तो सतर्क रहें। साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूकता और सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।

Tags:    

Similar News