हिसार: हिसार में रायपुर फाटक के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों की गोली पुलिस की गाड़ी में लगी, जबकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी भावेश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी जयेश मोटरसाइकिल से गिरकर घायल हो गया। उसका पैर टूट गया। दोनों को पुलिस ने काबू कर नागरिक अस्पताल हिसार में भर्ती करवाया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मॉडल टाउन में बुजुर्ग महिला संतोष कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले से संबंधित हैं। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर रायपुर फाटक की तरफ आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने निर्धारित स्थान पर नाकाबंदी कर उन्हें पकड़ने की कार्रवाई की। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें भावेश के पैर में गोली लगी। वहीं, मोटरसाइकिल से गिरने के कारण जयेश घायल हो गया।

चोरी और लूट के कई मामले दर्ज

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ चोरी, लूट सहित कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी।

आठ अक्टूबर को मिला था बुजुर्ग महिला की मौत का पता

मॉडल टाउन निवासी संतोष कुमारी की संदिग्ध मौत के मामले में उनके भाई कंवल किशोर निवासी चंडीगढ़ ने पुलिस को बयान दिया था कि उनकी बहन मकान नंबर 100-डब्ल्यू, मॉडल टाउन में रहती थीं। उनके पति और दोनों बच्चों की पहले ही बीमारी एवं अन्य कारणों से मौत हो चुकी थी। इसके बाद वह घर में अकेली रहती थीं।

शिकायतकर्ता के अनुसार, छह अक्टूबर को उनकी बहन से बातचीत हुई थी और दो दिन बाद आठ अक्टूबर को पड़ोसन ने फोन कर उनकी मौत की सूचना दी। इसके बाद रिश्तेदार उन्हें नागरिक अस्पताल हिसार लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। मुठभेड़, पुलिस टीम पर फायरिंग और बुजुर्ग महिला की मौत से जुड़े सभी पहलुओं पर कार्रवाई जारी है।

Tags: