जींद में पॉक्सो कोर्ट का सख्त फैसला, दो दोषियों को सुनाई सजा
दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की कठोर कैद, एक लाख का जुर्माना
जींद: हरियाणा के जींद जिले में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने और दुष्कर्म के मामले में फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट ने दो दोषियों को सजा सुनाई है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिफा की अदालत ने अर्जुन को पॉक्सो एक्ट के तहत 20 वर्ष के कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा दी है। वहीं अमित को सात वर्ष की कैद और 10 हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया गया है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, वर्ष 2024 में एक महिला ने शहर नरवाना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को नरवाना निवासी अमित अपने साथी हांसी निवासी अर्जुन के कहने पर बहला-फुसलाकर घर से ले गया था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और साक्ष्य जुटाकर अदालत में चालान पेश किया।
सुनवाई के दौरान पेश साक्ष्यों और अभियोजन की पैरवी के आधार पर अदालत ने दोनों को दोषी ठहराया। अर्जुन को पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत 20 साल की कठोर कैद सुनाई गई, जबकि अमित को सात साल की सजा मिली। अदालत ने स्पष्ट किया कि जुर्माना जमा नहीं करने पर दोषियों को अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।