जींद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आयोजित एक माह के सेवा संकल्प अभियान का शनिवार को जींद रेलवे स्टेशन पर आकर्षक रंगोली के माध्यम से समापन किया गया। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सत्यमेव जयते की मनमोहक रंगोली बना कर सेवा, समर्पण, राष्ट्रप्रेम और जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त डा. वैशाली शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप कुमार भी उपस्थित रहे। सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे माह विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों में सेवा भाव, सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्र के प्रति समर्पण और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित किया गया।

इसी कड़ी में जींद रेलवे स्टेशन पर आयोजित रंगोली कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कला और रचनात्मकता का परिचय देते हुए देश के प्रति सम्मान और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया। उपायुक्त ने रंगोली और छात्राओं द्वारा बनाई गई पेंटिंग का अवलोकन किया। उपायुक्त ने सत्यमेव जयते की आकर्षक रंगोली की सराहना करते हुए कहा कि इस रंगोली में कला और रचनात्मकता के माध्यम से एक सुंदर एवं प्रेरणादायी संदेश प्रस्तुत किया गया है। रंगोली में उभरते हुए जींद की तस्वीर के माध्यम से जिले की विकास यात्रा, सांस्कृतिक पहचान और भविष्य की संभावनाओं को खूबसूरती से दर्शाया गया है।

उन्होंने कहा कि जींद निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त डा. वैशाली शर्मा को स्मृति चिह्न के रूप में पौधा भेंट किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी देवी, सेवा के रंग राष्ट्र के संग एवं बीजेपी जिला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा योगिता भारद्वाज, सेवा मेरा योगदान जिला संयोजक रामफल मोरखी, संगीता सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी, अध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। डीसी डा. वैशाली शर्मा ने कहा कि छात्राओं ने जिस आत्मविश्वास, सहजता और गरिमा के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए हैं, वह वास्तव में सराहनीय है। मंच पर बिना किसी झिझक के पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखना एक महत्वपूर्ण गुण है।

Tags: