शिमला में भीषण सड़क हादसा, तीन लोगों की दर्दनाक मौत
जगोचा गांव में पसरा मातम, सड़क हादसे में तीन की मौत
शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। रामपुर उपमंडल के रामपुर-गौरा मार्ग पर पशाडा के समीप एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 700 से 800 फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी पांच लोग जगोचा गांव के निवासी थे। वे सुंडा से एक समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान संध कैंची के पास पशाडा में चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार में सवार रामा नंद (60), ओम प्रकाश (41) और हमेन्द्र (37) ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वाहन चला रहे राकेश कुमार (58) और रविन्द्र कुमार (38) दुर्घटना में घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को खाई से बाहर निकालकर खनेरी स्थित महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर पहुंचाया गया। वहीं, मृतकों के शवों को भी दुर्गम खाई से निकालकर सड़क तक लाने के लिए बचाव अभियान चलाया गया।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त वाहन ऑल्टो 800 था, जिसका पंजीकरण नंबर HP-92A-0132 है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।