हिमाचल की जमीन बाहरी लोगों को बेचने का आरोप, भाजपा ने मांगी जांच
फर्जी रजिस्ट्रियों के आरोपों पर सरकार के खिलाफ मोर्चाबंदी करेगी भाजपा: जयराम
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन जमीनों की कथित फर्जी रजिस्ट्रियों और भूमि सौदों का मुद्दा गरमा गया। भाजपा विधायक दल ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में विधानसभा परिसर में प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। विपक्षी विधायकों ने सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ओपोजिशन लाउंज से विधानसभा भवन तक हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की।
भाजपा विधायकों ने प्रदेश में जमीनों से जुड़े कथित अनियमित सौदों, धारा 118 में छूट, गग्गल एयरपोर्ट के लिए जमीन खरीद और बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) क्षेत्र में औद्योगिक भूमि के सौदों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान विपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश के हितों की अनदेखी कर जमीनों की खरीद-फरोख्त की जा रही है।
प्रदर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश की सुक्खू सरकार के कार्यकाल में बाहरी लोगों को जमीनें बेचने के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कई स्थानों पर फर्जी रजिस्ट्रियां होने का दावा करते हुए कहा कि धारा 118 में छूट देकर सरकार के करीबियों और बाहरी लोगों को जमीन उपलब्ध कराने का कथित खेल चल रहा है।
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की जांच कराने और अनियमितताओं में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल इस मुद्दे को लेकर सरकार के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराता रहेगा।
नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इन आरोपों पर जांच और कार्रवाई नहीं करती है तो विपक्ष विधानसभा सहित अन्य मंचों पर भी विरोध जारी रखेगा।
विधानसभा परिसर में हुए इस प्रदर्शन के साथ ही शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन जमीनों की रजिस्ट्रियों और भूमि सौदों का मुद्दा राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया। फिलहाल विपक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों पर सरकार की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।