धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों और मंत्रियों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया। विधानसभा परिसर में रैली निकालकर कांग्रेस नेताओं ने नारेबाजी की। इस दौरान 'एक कचौड़ी दो समोसा, जयराम तेरा क्या भरोसा' का नारा भी लगाया गया।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने पूर्व भाजपा सरकार पर प्रदेश की बेशकीमती जमीन उद्योगपतियों को रियायती शर्तों पर देने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि बद्दी में करीब पांच हजार बीघा जमीन 99 साल की लीज पर महज एक रुपये में दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि इससे प्रदेश को कितना लाभ हुआ और कितने हिमाचली युवाओं को रोजगार मिला।

सुक्खू ने आरोप लगाया कि संबंधित जमीन की रजिस्ट्री पर भी शुल्क नहीं लिया गया, जबकि आम लोगों को आठ प्रतिशत शुल्क देना पड़ता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने महिलाओं के लिए यह शुल्क घटाकर चार प्रतिशत किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की संपत्तियों की सुरक्षा के लिए सरकार इसी विधानसभा सत्र में विधेयक लाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत अधिग्रहित होने के बावजूद उपयोग में नहीं लाई गई जमीनों के संबंध में कानूनी व्यवस्था की जाएगी।

धारा 118 के तहत जमीन आवंटन को लेकर भाजपा के आरोपों पर सुक्खू ने विपक्ष से दस्तावेज सार्वजनिक करने को कहा। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में सैकड़ों बीघा जमीन आवंटित करने का कोई मामला नहीं है। सरकार इस संबंध में श्वेतपत्र भी लाएगी।

गौरतलब है कि मंगलवार को भाजपा विधायकों ने कांग्रेस सरकार पर जमीन सौदों और कथित फर्जी रजिस्ट्रियों में अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया था।

Tags: