Dharamshala: बादल फटने से बोह घाटी में मचा हड़कंप, कई मकान क्षतिग्रस्त

शाहपुर की बोह घाटी में प्राकृतिक आपदा, कई घर क्षतिग्रस्त

Update: 2026-07-22 04:25 GMT

धर्मशाला: कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित बोह घाटी में मंगलवार को बादल फटने से भारी तबाही हुई है। घाटी के स्पैड़ा और गढ़गून गांवों में अचानक आई बाढ़ और मलबे की चपेट में आने से आधा दर्जन से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा कई मवेशियों के भी मलबे में दबने की आशंका है। हालांकि गनीमत यह रही कि किसी तरह का कोई जानी नुकसान नही हुआ है। उधर घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए रवाना हो गईं।

बादल फटने की घटना से डिब्बा और मानेड नाला क्षेत्र में भारी भूस्खलन होने और सड़कों पर मलबा जमा हो जाने के कारण राहत दलों को प्रभावित गांवों तक पहुंचने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कई संपर्क मार्ग पूरी तरह ठप हो गए हैं। पहाड़ियों से लगातार मलबा और पत्थर गिर रहे हैं, जिससे आवाजाही ठप है। कई स्थानों पर बिजली के खंभे और पेड़ उखड़ जाने से बिजली तथा पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। प्रशासन प्रभावित परिवारों को सुरक्षित निकालने के साथ-साथ उन्हें नजदीकी सरकारी स्कूलों और सुरक्षित भवनों में ठहराने में जुटा हुआ है।

उधर शाहपुर के उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) डॉ. गणेश ठाकुर ने बताया कि वह खुद स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया है। डिब्बा और मानेड नाला के पास भारी भूस्खलन से आगे बढ़ने में दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें पूरी मुस्तैदी से राहत कार्य में जुटी हैं।

उन्होंने लोगों से अपील है कि अगले 24 घंटे मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए सतर्क रहें। नदी-नालों के पास बिल्कुल न जाएं और कहीं पहाड़ी खिसकने या दरारें दिखने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। प्रशासन के अनुसार, इस समय पहली प्राथमिकता प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना है। मौसम सामान्य होते ही क्षेत्र में हुए कुल नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा।

Tags:    

Similar News