शिमला: हिमाचल प्रदश में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया जा रहा है। राज्य स्तरीय समारोह हमीरपुर जिले के बड़सर में आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस वर्ष पहली बार हरियाणा पुलिस के जवानों ने भी परेड में हिस्सा लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के चहुंमुखी विकास में अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अधिकारियों ने भी राज्य के विकास में बहुमूल्य भूमिका निभाई है और सरकार हमेशा कर्मचारियों तथा पेंशनरों के हितों के प्रति संवेदनशील रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के सत्ता संभालने से पहले पिछली सरकार वेतन और पेंशन एरियर के रूप में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी छोड़ गई थी। इसके बावजूद कठिन आर्थिक परिस्थितियों में उनकी सरकार अब तक कर्मचारियों और पेंशनरों को लगभग 2170 करोड़ रुपये से अधिक के वेतन एवं पेंशन एरियर का भुगतान कर चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उनके वेतन एरियर के रूप में अतिरिक्त 20 हजार रुपये का भुगतान इसी महीने किया जाएगा। इसके साथ ही वर्ष 2016 से दिसंबर 2021 के बीच सेवानिवृत्त हुए तृतीय श्रेणी पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को उनके पेंशन अथवा पारिवारिक पेंशन एरियर का अतिरिक्त 30 प्रतिशत भुगतान भी इसी माह किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि प्रथम और द्वितीय श्रेणी के पेंशनरों तथा पारिवारिक पेंशनरों को उनके पेंशन अथवा पारिवारिक पेंशन एरियर का 15 प्रतिशत भुगतान इसी महीने किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वेतन और पेंशन एरियर के इन भुगतानों पर राज्य सरकार लगभग 281 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

मुख्यमंत्री ने रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग में विभिन्न श्रेणियों के चार हज़ार पद भरे जाएंगे, जिससे विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इसके अलावा उन्होंने घोषणा की कि 31 मार्च 2027 तक प्रदेश में किसी भी डॉक्टर को सेवानिवृत्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाना है, विशेषकर दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास, जनकल्याण और बेहतर प्रशासन के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से प्रदेश के विकास में सहयोग देने और स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

Tags: