AI बाजार में Anthropic का नया धमाका Claude Opus 5.5 हुआ लॉन्च
Anthropic का बड़ा दांव Claude Opus 5.5 लॉन्च
बेंगलुरु : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में प्रतिस्पर्धा और तेज हो गई है। Anthropic ने Claude Opus 5.5 लॉन्च किया है। यह कंपनी की नई Claude 5.5 मॉडल फैमिली का पहला मॉडल है और इसे खास तौर पर जटिल कोडिंग, लंबे समय तक चलने वाले AI एजेंट कार्यों और प्रोफेशनल नॉलेज वर्क के लिए तैयार किया गया है। मॉडल को 22 सितंबर 2026 को जारी किया गया।
कंपनी का दावा है कि Claude Opus 5.5 अधिकांश कार्यों में उसके Claude Fable 5.1 के स्तर का प्रदर्शन करता है। खास बात यह है कि सामान्य वर्कलोड में इसे चलाने की लागत Opus 5 की तुलना में करीब 40 प्रतिशत कम होने का दावा किया गया है। Anthropic के अपने बेंचमार्क में नया मॉडल एजेंटिक कोडिंग, कंप्यूटर यूज और नॉलेज वर्क में मजबूत प्रदर्शन करता है।
10 लाख टोकन का कॉन्टेक्स्ट विंडो
Claude Opus 5.5 में 1 मिलियन यानी 10 लाख टोकन का कॉन्टेक्स्ट विंडो दिया गया है। इसकी अधिकतम सामान्य आउटपुट सीमा 128K टोकन है। इससे मॉडल बड़े दस्तावेजों, लंबे कोडबेस और जटिल प्रोजेक्ट पर काम कर सकता है। डेवलपर्स के लिए इसकी API कीमत 4 डॉलर प्रति मिलियन इनपुट टोकन और 20 डॉलर प्रति मिलियन आउटपुट टोकन तय की गई है। Anthropic के अनुसार इसकी टोकन कीमत Opus 5 से 20 प्रतिशत कम है, जबकि सामान्य कार्यों में कुल रनिंग कॉस्ट करीब 40 प्रतिशत कम हो सकती है।
सुरक्षा पर भी खास ध्यान
नए मॉडल के साथ Anthropic ने सुरक्षा उपायों को भी मजबूत किया है। खास तौर पर साइबर सिक्योरिटी और बायोलॉजी से जुड़े संवेदनशील इस्तेमाल के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। कंपनी के मुताबिक योग्य संस्थान उसके सत्यापन कार्यक्रम के तहत कुछ उन्नत क्षमताओं तक पहुंच के लिए आवेदन कर सकते हैं। Claude Opus 5.5 Claude API के अलावा Amazon Bedrock, Google Cloud और Microsoft Foundry जैसे प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है। उपभोक्ताओं के लिए इसे Claude के Pro, Max, Team और Enterprise प्लान में उपलब्ध कराया गया है।