तिरुवनंतपुरम: केरल के नए राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने निर्देश दिया है कि लोक भवन में केवल शाकाहारी भोजन ही परोसा जाए। राज्यपाल के लिए राजस्थानी शैली का खाना तैयार करने के वास्ते राजस्थान से विशेष रसोइयों को बुलाया गया है। सिक्किम में दो साल और ढाई महीने का कार्यकाल पूरा करने के बाद, माथुर ने केरल के राज्यपाल के रूप में पदभार संभाला है।
इस निर्देश के अनुसार, लोक भवन की रसोई में मांस या मछली नहीं पकाई जाएगी। हालांकि, कर्मचारियों पर अपने घर से खाना लाने या बाहर कहीं और भोजन करने को लेकर कोई पाबंदी नहीं है। लोक भवन में राज्यपाल, उनके निजी स्टाफ और कुछ चुनिंदा अधिकारियों के लिए भोजन की व्यवस्था होती है। अब मेहमानों को भी शाकाहारी भोजन ही परोसा जाएगा।
पूर्व राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर के कार्यकाल में मांसाहारी भोजन पर कोई रोक नहीं थी। गोवा से ताल्लुक रखने वाले अर्लेकर के समय में मछली सहित अन्य मांसाहारी व्यंजन परोसे जाते थे। उन्हें मेहमानों और कर्मचारियों के मांसाहारी भोजन करने से कोई आपत्ति नहीं थी। राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने कहा, "मैं पहली बार 'ईश्वर का अपना देश' (God’s Own Country) कहे जाने वाले केरल में आकर बेहद खुश हूँ। यह भूमि प्राकृतिक सुंदरता और भव्य परंपराओं से समृद्ध है। मैं यहाँ एक नई यात्रा की शुरुआत कर रहा हूँ, जो प्रेम और सद्भाव से भरी है।"
Tags: