विवाद बढ़ने पर भड़की हिंसा, देर रात पत्थरबाजी और बम धमाके
आपसी विवाद में बिगड़े हालात, पथराव और बमबाजी से तनाव
जबलपुर: शहर के भरतीपुर स्थित बड़ी ओमती क्षेत्र में मंगलवार बुधवार की दरमियानी रात वाहन पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक टकराव में बदल गया। उड़िया और सोनकर समाज के लोगों के बीच हुए विवाद में दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग आमने-सामने आ गए।
आरोप है कि इस दौरान जमकर पथराव किया गया और बम फेंके गए। अचानक हुए घटनाक्रम से इलाके में भगदड़ और अफरातफरी की स्थिति निर्मित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति नियंत्रित की। विवाद में घायल हुए लोगों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके बाद आक्रोशित लोग ओमती थाने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
घटना की खबर फैलते ही उड़िया और यादव समाज के सैकड़ों लोग लामबंद होकर ओमती थाने पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध नशे का कारोबार बेखौफ संचालित हो रहा है। उनका कहना था कि नशे के कारोबार से जुड़े सिंडिकेट और असामाजिक तत्वों के कारण आए दिन विवाद और हिंसक घटनाएं हो रही हैं, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सीएसपी के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर हालात नियंत्रित किए और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना में शामिल उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें बुधवार सुबह तक लगातार दबिश दे रही हैं।
दोनों पक्षों पर एक दूसरे के ऊपर बमबाजी एवं फायरिंग का आरोप लगाया है। घटना के कुछ सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं जिसकी पुलिस जांच कर रही है। साथ ही कुछ वायरल वीडियो भी पुलिस की जांच का विषय है। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।