ऑपरेशन प्रहार में धार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 क्विंटल 98 किलो गांजा बरामद
ऑपरेशन प्रहार के तहत मनावर में पुलिस की दबिश, खेत से भारी मात्रा में गांजा जब्त
भोपाल: मध्य प्रदेश के धार जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने गांजे की खेती का बड़ा मामला पकड़ा है। मनावर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़िया नाईपुरा में एक खेत के भीतर कपास और तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे उगाए जा रहे थे। पुलिस ने छापेमारी कर कुल 230 हरे पौधे बरामद किए हैं। इनका वजन करीब 6 क्विंटल 98 किलोग्राम बताया गया है, जबकि अनुमानित कीमत 1 करोड़ 74 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
इस मामले में पुलिस ने खेत मालिक दिनेश मुवेल (36) को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में मनावर थाना और उमरबन चौकी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़िया नाईपुरा गांव में एक खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिसकर्मियों ने संबंधित खेत में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां कपास और तुअर की फसल के बीच गांजे के हरे पौधे दिखाई दिए। पुलिस ने सभी पौधों को जब्त कर लिया और मौके से खेत मालिक को हिरासत में ले लिया।
करोड़ों रुपये की बताई जा रही जब्त फसल
पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए गांजे के पौधों का कुल वजन 698 किलोग्राम है। इनकी अनुमानित कीमत 1.74 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की खेती सामने आने के बाद पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
मनावर थाना प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दिनेश मुवेल ग्राम बड़िया का निवासी है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई जारी
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों से जुड़े अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। धार में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने खेत में दूसरी फसलों के बीच छिपाकर उगाए जा रहे गांजे के पौधों को जब्त किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।