परिचित संग घूमने निकली एयर होस्टेस की हत्या, नदी किनारे क्या हुआ था?
ढाई साल की बेटी के सिर से उठा मां का साया.
बालाघाट: बालाघाट जिला महाराष्ट्र की सीमा से लगा है। जिले के खैरलांजी थाना क्षेत्र के पास महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम बोंडरानी में वैनगंगा नदी के किनारे एक एयर होस्टेस की हत्या कर दी गई। 35 वर्षीय वर्षा तुरकर नदी किनारे घूमने गई थीं, जहां उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया। जानकारी के मुताबिक उनके शरीर पर, खासकर पीठ पर, धारदार हथियार से चार वार किए गए थे।
शुरुआती तौर पर आशंका है कि लूटपाट के बाद हत्या की गई। हालांकि हत्या की असली वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही साफ होगी।
पुणे में रहती थीं, दिवाली पर आई थीं मायके
मृतका की पहचान वर्षा तुरकर (35) पति समर सैयद के रूप में हुई है। वे पुणे (महाराष्ट्र) में रहती थीं और पेशे से एयर होस्टेस थीं। साल 2024 में समर सैयद से प्रेम विवाह के बाद से वे पुणे में रह रही थीं। उनकी ढाई साल की एक बेटी भी है। दिवाली के मौके पर वे बेटी के साथ मायके आई हुई थीं। 14 नवंबर की शाम वे गोंदिया के रहने वाले अपने परिचित रितेश अग्रवाल के साथ बोंडरानी में वैनगंगा नदी के किनारे घूमने गई थीं।
परिचित ने फोन कर दी लूटपाट और हमले की सूचना
जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर की शाम करीब 6 बजे रितेश अग्रवाल ने वर्षा के बहनोई अश्विनी उर्फ पप्पू पटले को फोन किया। अश्विनी नवेगांव के रहने वाले हैं। रितेश ने फोन पर बताया कि उनके साथ लूटपाट हुई है और कुछ लोगों ने वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया है। उसने यह भी बताया कि हमलावर भाग गए हैं और वर्षा गंभीर रूप से घायल हैं। यह सुनकर अश्विनी परिवार के लोगों के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए निकल पड़े।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजन मौके पर पहुंचे तो वर्षा खून से लथपथ पड़ी थीं। वे उन्हें तुरंत खैरलांजी अस्पताल ले गए, जहां शाम करीब 7 बजे डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना खैरलांजी थाना पुलिस को दी गई। घटनास्थल महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए खैरलांजी पुलिस ने वहां की पुलिस को सूचना देकर जानकारी साझा की।
पढ़ाई के दौरान हुई थी रितेश से पहचान
परिजनों के अनुसार, वर्षा की पहचान पढ़ाई के दिनों में गोंदिया के रितेश अग्रवाल से हुई थी। बताया जाता है कि वर्षा ने साल 2024 में मुस्लिम युवक समर सैयद से प्रेम विवाह किया था। इस शादी के बाद परिवार नवेगांव छोड़कर किन्ही में रहने लगा था। शादी के बाद वर्षा पति के साथ पुणे में रह रही थीं। दिवाली पर जब वे बेटी के साथ मायके आई थीं, उसी दौरान रितेश अग्रवाल किन्ही आया था। 14 नवंबर की शाम वर्षा उसके साथ बोंडरानी घूमने चली गई थीं।
रितेश और बहनोई से पूछताछ
घटना के बाद दौनीवाड़ा पुलिस दो लोगों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई: वर्षा के साथ मौजूद रितेश अग्रवाल और उनके बहनोई अश्विनी उर्फ पप्पू पटले। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटनास्थल पर असल में क्या हुआ था, वारदात किन हालात में हुई और वर्षा पर हमला किसने किया। फिलहाल पुलिस ने किसी की भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं बताया है।
पिता ने की निष्पक्ष जांच की मांग
वर्षा के पिता धुरंलाल तुरकर ने बताया कि उनकी बेटी पुणे में एयर होस्टेस थी। पढ़ाई के दौरान उसकी पहचान रितेश अग्रवाल से हुई थी। दिवाली पर वह किन्ही आई हुई थी। उनके मुताबिक 14 नवंबर की शाम रितेश यहां आया और वर्षा उसके साथ घूमने चली गई। शाम को दामाद का फोन आया, जिसमें वर्षा की हत्या की जानकारी दी गई। इसी के बाद परिवार को घटना का पता चला। पिता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बेटी की हत्या की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि परिवार को न्याय मिल सके।
पुलिस ने क्या कहा
वारासिवनी थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके ने बताया कि 14 नवंबर की शाम खैरलांजी अस्पताल से तहरीर मिलने पर पुलिस को घटना की जानकारी मिली। उनके अनुसार महिला की हत्या महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र के बोंडरानी में वैनगंगा नदी के किनारे हुई है। मृतका पुणे में एयर होस्टेस थीं और दिवाली पर अपने मायके किन्ही आई हुई थीं, और परिजन उन्हें खैरलांजी अस्पताल लेकर आए थे। पुलिस ने जरूरी कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराया और मर्ग कायम किया। संबंधित दस्तावेज और केस डायरी दौनीवाड़ा पुलिस को भेजी जा रही है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है।