नालासोपारा पूर्व में आग से हड़कंप, पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियां जलीं
अवैध पार्किंग में आग लगने से अफरा-तफरी, कई गाड़ियां जलकर खाक
मुंबई: वसई-विरार में आग लगने की घटनाओं का सिलसिला जारी है। रविवार को हुईं तीन घटनाओं के बाद सोमवार दोपहर नालासोपारा पूर्व के ओसवाल नगरी के पास बनी अवैध वाहन पार्किंग में आग लग गई। इस दौरान कई गाड़ियां जलकर राख हो गईं।
पार्किंग के आसपास प्रत्येक रविवार को बाजार (मेला) लगता है। इसमें बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने के लिए आते हैं। ऐसे में आग की इस घटना से लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
यह घटना दोपहर 12 बजे के आसपास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रॉकेट (पटाखे) से निकली चिंगारी ने पार्किंग में खड़ी 6 गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया, जिससे आग बेकाबू होने से रोकी जा सकी। बताया जा रहा है कि पार्किंग और संडे बाजार वाली जगह फ्लाईओवर के लिए आरक्षित है।
सामाजिक कार्यकर्ता राकेश सिंह इस मामले को लेकर वसई-विरार शहर महानगरपालिका आयुक्त, प्रभाग समिति 'बी' की सहायक आयुक्त अलका खैरे, मीरा भायंदर-वसई विरार पुलिस आयुक्त, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय जाधव और स्थानीय भाजपा नगरसेवक निलेश चौधरी से लिखित शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होना शासन-प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है।
इस संबंध में मनपा प्रभाग बी के अतिक्रमण विभाग के अधिकारी हर्षल राउत से संपर्क किया गया, पर उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई बार लिखित शिकायत देने के बावजूद न तो अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की गई और न ही यहां लगने वाले मेले पर रोक लगाई गई।