पुणे: महाराष्ट्र के पुणे में रविवार को 'पुणे रन फॉर यूनिटी' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं, जिन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। इस कार्यक्रम में 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' और 'नशा-मुक्त भारत' के संकल्प को दोहराया गयाा।
केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल और महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने रविवार सुबह पुणे के अलका टॉकीज चौक से मैराथन को हरी झंडी दिखाई। इस मैराथन में करीब 40 हजार धावकों ने हिस्सा लिया। युवाओं का जोश, धावकों का उत्साह और राष्ट्रीय एकता का संदेश इस आयोजन का विशेष आकर्षण रहा।
केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा, "देश के पहले गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। प्रधानमंत्री ने जब से यह घोषणा की, तब से पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दौड़ की शुरुआत हुई। उसी के एक हिस्से के रूप में पुणे में पिछले साल से 'पुणे रन फॉर यूनिटी' के नाम से मैराथन शुरू की गई।"
उन्होंने कहा कि पिछले साल इस मैराथन में 22,000 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया था। इस साल पुणे के लोगों ने बहुत ही अच्छा रिस्पॉन्स दिया है और आज तकरीबन 40 हजार लोग इस मैराथन में सहभागी हुए हैं।
मुरलीधर मोहोल ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'नशामुक्त भारत' अभियान शुरू किया था। इसी संदेश को लेकर पुणे के लोगों ने मैराथन में दौड़ लगाई है। 'नशामुक्त भारत' के साथ 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' और 'राष्ट्रीय एकता' का संदेश दिया गया है। मैं सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद दूंगा।"
वहीं, महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने कहा, "यह हम सभी जानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश भर में 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' के तहत देश भर में युवाओं के लिए 'नशामुक्त भारत' का निर्माण हो, इस दृष्टिकोण से इस दौड़ का आयोजन किया गया था।"
उन्होंने रविवार के कार्यक्रम को लेकर कहा, "पुणे में 'पुणे रन फॉर युनिटी' के नाम से लगभग 40 हजार से अधिक युवाओं और नागरिकों ने इसमें पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) किया था। बहुत ही अच्छे तरीके से 21 किमी से लेकर लगभग 3 किमी तक के इसमें अलग-अलग चरण तैयार किए गए थे। बहुत ही अच्छा प्रतिसाद मिला था।
Tags: