Mumbai: अगले चार दिन महाराष्ट्र में बारिश का कहर, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

महाराष्ट्र में अगले चार दिन भारी बारिश के आसार, कई जिलों में अलर्ट

Update: 2026-07-24 10:27 GMT

मुंबई: भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को अगले चार दिनों तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारी एच. आर. होसालीकर ने आज बताया कि मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी और नासिक जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि पालघर और ठाणे जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार, 25 जुलाई तक उत्तर कोंकण के घाट क्षेत्रों, दक्षिण कोंकण और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। लगातार वर्षा के कारण घाट मार्गों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों और कोंकण क्षेत्र की यात्रा करने वाले पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि तीसरे दिन से बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है। हालांकि, अगले 48 घंटे तक कई इलाकों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। लोगों को सलाह दी गई है कि बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने, बिजली के खंभों के पास जाने और जलभराव वाले क्षेत्रों से गुजरने से बचें।

मौसम विभाग ने 24 जुलाई के लिए मुंबई, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नंदुरबार, नासिक, अकोला, अमरावती, बुलढाणा, वाशिम और यवतमाल जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पालघर, ठाणे, रायगढ़, नासिक और सतारा के घाट क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि पुणे के घाट क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। लगातार हो रही बारिश से पालघर जिले के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। बोइसर-चिल्हार रोड स्थित खैरापाड़ा पुल पर पानी भर जाने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजऱ इस मार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया है। सड़क बंद होने से बोइसर एमआईडीसी में काम करने वाले कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

Tags:    

Similar News