मुंबई: सड़कों पर फेंकी गई प्लास्टिक की थैलियां बेजुबान पशुओं के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं। घाटकोपर में आयोजित मुफ्त पशु शल्य चिकित्सा शिविर में गायों के पेट से 40 से 50 किलो तक प्लास्टिक निकलने की जानकारी सामने आई है।

घाटकोपर पूर्व स्थित आराध्य भक्ति पार्क में 21 और 22 अक्टूबर को मुंबई मनपा, महाराष्ट्र सरकार के पशुसंवर्धन विभाग और अरहम युवा सेवा ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय पशु चिकित्सा शिविर का योजन किया गया था। मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने शिविर के उद्घाटन किया। यहां सींगों के कैंसर, हर्निया, ट्यूमर, मोतियाबिंद और हड्डियों से जुड़ी समस्याओं के ऑपरेशन सहित विभिन्न जटिल उपचार निःशुल्क किए जा रहे हैं। ऑपरेशन के बाद देखभाल, चारा-पानी और सुरक्षित आश्रय की भी व्यवस्था है। अक्टूबर की गर्मी से पशुओं को बचाने के लिए एसी डोम में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और गहन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

महापौर ने लोगों से भोजन प्लास्टिक में बांधकर सड़कों पर नहीं फेंकने और शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बेजुबान पशु अपनी पीड़ा बता नहीं सकते, इसलिए उनकी देखभाल करना मनुष्य का कर्तव्य है। बीमार या घायल पशु-पक्षी दिखने पर animalcamp.alwayscare.org पर या 96358 39888 हेल्पलाइन पर संपर्क करें।

Tags: