पिंपरी-चिंचवड़ में आर्थिक तंगी के कारण एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने की आत्महत्या

आर्थिक तंगी से परेशान होकर आत्महत्या की आशंका

Update: 2026-08-02 17:10 GMT
Maharashtra महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ इलाके से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने कथित तौर पर आर्थिक परेशानियों के चलते आत्महत्या कर ली। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी 19 वर्षीय बेटी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान विनोद पिल्ले (50), उनकी पत्नी सिरजा पिल्ले (45) और बेटी पूर्णिमा पिल्ले (19) के रूप में हुई है। परिवार मोरवाड़ी, पिंपरी इलाके में रहता था। विनोद पिल्ले नवंबर 2024 तक डॉन बॉस्को कंपनी में कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी सिरजा पिल्ले एक अंग्रेजी माध्यम स्कूल में समन्वयक के पद पर काम करती थीं। उनकी बेटी चिंचवाड़ स्थित एसएम कॉलेज में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रही थी।
बताया जा रहा है कि परिवार ने जहरीली दवा का इस्तेमाल किया। घटना में विनोद पिल्ले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद संत तुकाराम नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से तीनों के मोबाइल फोन, एक सुसाइड नोट, जहरीली दवा की बोतल और एक बर्तन में जले हुए कोयले को बरामद किया है।
पुलिस अधिकारी सुहास आव्हाड ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। सुसाइड नोट में विनोद पिल्ले ने कथित तौर पर आर्थिक परेशानी का जिक्र किया और लिखा कि इस घटना के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए। बताया जा रहा है कि जब रिश्तेदारों ने परिवार के सदस्यों को फोन किया और कोई जवाब नहीं मिला, तो वे घर पहुंचे। दरवाजा खोलने पर तीनों अचेत अवस्था में मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे के सभी कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Tags:    

Similar News