शिलांग : मेघालय में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत 6,51,644 मतदाताओं को आगे की जांच के लिए चिह्नित किया गया है। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक इन नामों की पात्रता और मतदाता सूची में दर्ज विवरण का सत्यापन किया जाएगा।
6.51 लाख नाम जांच के दायरे में
मेघालय के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीडीआर तिवारी के अनुसार, चिह्नित मतदाताओं के मामलों की जांच SIR के Notice and Hearing चरण में की जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में बना रहे और अपात्र नाम शामिल न हों।
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल जांच के लिए चिह्नित किए जाने का अर्थ यह नहीं है कि इन मतदाताओं के नाम तुरंत मतदाता सूची से हटा दिए जाएंगे। सत्यापन और निर्धारित प्रक्रिया के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
4 सितंबर तक दावे और आपत्तियां
ड्राफ्ट मतदाता सूची 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित की गई है। इसके बाद मतदाताओं को अपने नाम और विवरण को लेकर दावे या आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 4 सितंबर तक का समय दिया गया है। अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होने वाली है।
मतदाताओं के लिए जरूरी है सत्यापन
निर्वाचन विभाग की SIR प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अपडेट करना और उसमें मौजूद गलत, डुप्लीकेट या अपात्र प्रविष्टियों की पहचान करना है। साथ ही यह सुनिश्चित करना भी है कि कोई पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। इसलिए जिन मतदाताओं के नाम जांच के दायरे में आए हैं, उन्हें निर्धारित अवधि के भीतर अपने दस्तावेज और दावे प्रस्तुत कर प्रक्रिया में भाग लेना महत्वपूर्ण होगा।
Tags: