भुवनेश्वर। हालिया बाढ़ की स्थिति को देखते हुए उत्कल यूनिवर्सिटी ने 17 अगस्त 2026 को होने वाली कई परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ने इसकी जानकारी दी। विश्वविद्यालय की ओर से संबद्ध सभी +3 डिग्री कॉलेजों और सेल्फ फाइनेंसिंग कॉलेजों के प्राचार्यों और निदेशकों को पत्र जारी किया गया है। पत्र में बताया गया कि बाढ़ से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। इसके कारण परिवहन व्यवस्था और सामान्य शैक्षणिक गतिविधियां बाधित हुई हैं।इसी स्थिति को देखते हुए UG (+3), B.Sc. ITM, B.Sc. Computer Science और B.Ed. (UDTE) के चौथे सेमेस्टर की 17 अगस्त 2026 को निर्धारित परीक्षाएं अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि यह फैसला छात्रों, शिक्षकों और परीक्षा से जुड़े कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।उत्कल यूनिवर्सिटी ने कहा है कि स्थगित परीक्षाओं की नई तारीख और प्रश्नपत्र वितरण से संबंधित संशोधित कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा। फिलहाल छात्रों को नई सूचना का इंतजार करना होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबद्ध कॉलेजों से भी परीक्षा स्थगित होने की जानकारी छात्रों तक पहुंचाने को कहा है। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा की नई तारीख के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक सूचना पर नजर बनाए रखें।

ओडिशा के कई इलाकों में हालिया बाढ़ और बारिश के कारण परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई है। ऐसे में परीक्षा केंद्रों तक छात्रों और परीक्षा कर्मचारियों की आवाजाही में परेशानी को देखते हुए विश्वविद्यालय ने एहतियाती कदम उठाया है।

Tags: