चंडीगढ़: पंजाब के लोक निर्माण मंत्री एवं जंडियाला गुरु से विधायक हरभजन सिंह ईटीओ ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से पीएचडी पूरी कर ली है। सरकारी और राजनीतिक जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने सेंटर फॉर ह्यूमन राइट्स एंड ड्यूटीज से शोध कार्य पूरा किया। उनका शोध विषय 'बी.आर. अंबेडकर और दलितों के मानवीय अधिकार: पंजाब राज्य के विशेष संदर्भ में एक अध्ययन' रहा।

हरभजन सिंह ने अपने करियर की शुरुआत सरकारी लेक्चरर के रूप में की थी। वर्ष 2012 में पंजाब सिविल सेवा (PCS) परीक्षा उत्तीर्ण कर वे ईटीओ बने। इसके बाद 2016 में नौकरी से इस्तीफा देकर राजनीति में प्रवेश किया। वर्ष 2017 में आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन हार का सामना करना पड़ा।

इस दौरान उन्होंने गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी से 2018 से 2021 के बीच एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 2022 में दोबारा विधानसभा चुनाव लड़कर जीत हासिल की और मार्च 2022 में पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री बने।

मंत्री पद की जिम्मेदारियां निभाते हुए उन्होंने प्रो. नमिता गुप्ता और प्रो. इमैनुअल नाहर के मार्गदर्शन में पीएचडी शोध पूरा किया। उनका वाइवा भी पंजाब यूनिवर्सिटी में संपन्न हो चुका है।

हरभजन सिंह ने अपनी इस शैक्षणिक उपलब्धि का श्रेय माता शिंदो, पत्नी सुहिंदर कौर, बेटी परलजीत कौर, बेटे हरशजीत सिंह और सहयोगियों को दिया।

Tags: