चंडीगढ़: जापान की 18 सदस्यीय पुरुष हॉकी टीम 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में होने वाली एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लेने के लिए मोहाली के शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची। खेल विभाग के अधिकारियों द्वारा हवाई अड्डे पर ढोल की थाप पर भंगड़ा, पारंपरिक मालाएं पहनाकर और पंजाबी मेहमाननवाजी के साथ टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस स्नेहपूर्ण स्वागत से प्रसन्न अतिथि खिलाड़ियों ने मेजबानों का धन्यवाद किया और हॉकी के मक्का के रूप में प्रसिद्ध पंजाब की धरती पर खेलने के लिए उत्साह व्यक्त किया।

टूर्नामेंट के लिए जापान की टीम में यामादा शोटा, तनाका सेरेन, वातानाबे जून, मात्सुमोतो काजूमासा, नागाई युमा, यामाशिता मनाबू, फुजीशिमा राइकी (कप्तान), नागायोशी केन, सैतो हीरो, काशिवागी रेन, तनाका सुबासा, ओका रयोमा, कावामुरा यूसुके, कुरोदा किशो (गोलकीपर), यामानाका मोटोया , ओचाई हारुकी, कितागावा ताकुमी (गोलकीपर) और फुकुदा केंटारो शामिल हैं। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान टीम के सुचारु ठहराव, अभ्यास सत्रों और यात्रा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पहली बार पंजाब में आयोजित की जा रही एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में प्रमुख एशियाई देशों की भागीदारी के साथ शीर्ष स्तर के हॉकी मुकाबले देखने को मिलेंगे।

पंजाब सरकार ने टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों के लिए अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन के अनुरूप विश्वस्तरीय सुविधाएं, सुरक्षा और मेहमाननवाजी सुनिश्चित की है। जापान और मेजबान भारत के अलावा दक्षिण कोरिया, चीन, मलेशिया और बांग्लादेश की टीमें भी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट में भाग ले रही हैं। यह टूर्नामेंट 27 अक्टूबर को जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में शुरू होगा। फाइनल मुकाबला 5 नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा।

Tags: