Punjab कृषि और किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुडियन ने रविवार को 50 करोड़ रुपये की एक योजना की घोषणा की। इसके तहत, पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU) और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) द्वारा अनुशंसित प्रमाणित गेहूं के बीज किसानों को सब्सिडी दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य बीजों की गुणवत्ता में सुधार करना और किसानों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना है, जिसमें प्रति हेक्टेयर अधिकतम 2,000 रुपये की सहायता दी जाएगी।
खुडियन ने बताया कि 4,250 रुपये प्रति क्विंटल की कीमत वाले प्रमाणित गेहूं के बीज, 2,000 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी के बाद किसानों को 2,250 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मिलेंगे। यह सहायता बीज की कुल लागत के 50 प्रतिशत या 2,000 रुपये प्रति हेक्टेयर (जो भी कम हो) तक सीमित रहेगी। कृषि और किसान कल्याण विभाग ने 2,42,218 लाभार्थियों को कवर करने के लिए जिलेवार जरूरतों का अनुमान लगाया है, जिसके लिए 50 करोड़ रुपये का वित्तीय प्रावधान प्रस्तावित है। यह योजना 'कृषोन्नति योजना' के तहत 'राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा और पोषण मिशन' (NFSNM) के बीज घटक के अंतर्गत लागू की जाएगी।
गुणवत्ता नियंत्रण के लिए, खुडियन ने स्पष्ट किया कि सब्सिडी केवल उन्हीं प्रमाणित गेहूं की किस्मों पर मिलेगी, जिनकी सिफारिश PAU, लुधियाना ने की है और जिन्हें ICAR या राज्य सरकार द्वारा अधिसूचित किया गया है। पात्र किस्मों की उम्र 10 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि बीज गुणन (seed multiplication) के लिए जिम्मेदार नोडल एजेंसियां ​​गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जवाबदेह होंगी। बीज की गुणवत्ता से जुड़ी किसी भी शिकायत का समाधान संबंधित एजेंसी द्वारा किया जाएगा।
Tags: