जयपुर: लग्जरी गाड़ियों के जरिए गांजा पहुंचाने और सवारी वाहन की आड़ में पुलिस की निगरानी से बचने वाले कथित तस्करी नेटवर्क का अजीतगढ़ पुलिस ने खुलासा किया है। ऑपरेशन एंटीवेनम के तहत संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 30.700 किलो गांजा और 3.35 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। कार्रवाई में एक लग्जरी कार और एक जीप भी जब्त की गई है। पुलिस ने बरामद गांजे की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी है।

जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में झुंझुनूं जिले के पचलंगी निवासी राजेंद्र शर्मा और कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नारायणपुर निवासी प्रदीप सिंह शामिल हैं। जयपुर रेंज साइबर टीम, जयपुर ग्रामीण जिला विशेष टीम और अजीतगढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

पुलिस को मिली गोपनीय सूचना में प्रदीप सिंह के जरिए जयपुर ग्रामीण, कोटपूतली-बहरोड़ और अलवर जिलों में गांजे की सप्लाई किए जाने की जानकारी थी। आरोप है कि वह कान्हा मीणा और राजेंद्र शर्मा से गांजा लेकर आगे पहुंचाता था। इसी सूचना की पड़ताल के दौरान शाहपुरा-अजीतगढ़ मार्ग पर हाथीदेह गांव के पास खेप पहुंचने की जानकारी मिली। टीम ने घेराबंदी की और लग्जरी गाड़ी से गांजा बरामद कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने उदयपुरिया मोड़ निवासी कान्हा मीणा को इस सिंडिकेट का कथित मास्टरमाइंड बताया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामले पहले भी दर्ज हैं। आरोप है कि वह राजेंद्र शर्मा के माध्यम से मादक पदार्थों के ऑर्डर की सप्लाई करवाता था, जबकि प्रदीप सिंह विभिन्न क्षेत्रों में अपने संपर्कों के जरिए गांजा पहुंचाता था।

जांच में सामने आए कथित संपर्कों में जयपुर ग्रामीण के कुशलपुरा निवासी राजू जांगल और मनोहरपुर निवासी कुंदन मीणा, नारायणपुर निवासी अविनाश और मुकेश गर्ग तथा उमरैण निवासी राजेंद्र गुर्जर के नाम शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इन संपर्कों के माध्यम से जयपुर ग्रामीण, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर और विराटनगर क्षेत्र में सप्लाई की जाती थी। इन लोगों की भूमिका की जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि प्रदीप सिंह गांजे की सप्लाई के लिए अग्रिम रकम लेता था। वह अपनी जीप का इस्तेमाल करता था, ताकि सवारी वाहन की आड़ में पुलिस की निगरानी से बच सके।

आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि गिरोह के संगठित तरीके से तस्करी करने की जानकारी मिलने पर प्रकरण में संगठित अपराध से संबंधित धारा भी जोड़ी गई है। सीकर जिले के अजीतगढ़ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के जरिए पुलिस अन्य लोगों की भूमिका और नेटवर्क के विस्तार का पता लगा रही है। साथ ही सिंडिकेट से जुड़े लोगों की संपत्तियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है, ताकि तस्करी से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई की जा सके।

Tags: