उदयपुर: ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उदयपुर जिले के थामला गांव को बड़ी सौगात मिली है। गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का अब नए सिरे से भव्य निर्माण करवाया जाएगा। समाजसेवी एवं भामाशाह सेठ गणपत सोनी ने इस पुनीत कार्य की जिम्मेदारी उठाई है। विद्यालय के नए भवन के निर्माण पर करीब 2 से 2.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शनिवार को विद्यालय परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ नवीन भवन निर्माण का भूमि पूजन किया गया।

इस अवसर पर आयोजित समारोह में क्षेत्रीय विधायक पुष्करलाल डांगी, प्रधान नरेंद्र चण्डालिया और मावली सीबीईओ प्रेरणा नौसालिया सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों और भामाशाह ने संयुक्त रूप से निर्माण कार्य की नींव रखी। इस दौरान विद्यालय भवन के निर्माण को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया यह योगदान ग्रामीण विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने इसे शिक्षित समाज और समृद्ध समाज के संकल्प को साकार करने वाली पहल बताया।

दर्जनों गांवों के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

नए भवन का निर्माण पूरा होने के बाद विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। इसका लाभ केवल थामला गांव के विद्यार्थियों को ही नहीं, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के सैकड़ों विद्यार्थियों को भी मिलेगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए भवन से विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।

ग्रामीणों ने जताया आभार

विद्यालय के कायाकल्प की इस पहल को लेकर स्थानीय ग्रामवासियों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने भामाशाह सेठ गणपत सोनी के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इतना बड़ा सहयोग आने वाली पीढ़ियों के लिए लाभकारी साबित होगा।

भूमि पूजन समारोह में विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Tags: