भानु प्रताप ने जन्मदिन पर पेश की साइकिल चलाकर युवाओं के लिए मिसाल

Update: 2026-07-19 16:16 GMT

Bhilwara, भीलवाड़ा। जहां आज अधिकांश युवा अपना जन्मदिन पार्टियों और सोशल मीडिया तक सीमित रखते हैं, वहीं भीलवाड़ा के युवा भानु प्रताप कुमावत ने अपने 18वें जन्मदिन को समाज के लिए प्रेरणा का माध्यम बना दिया। उन्होंने भीलवाड़ा से चित्तौड़गढ़ स्थित ऐतिहासिक विजय स्तंभ तक और वहां से वापस भीलवाड़ा लौटते हुए 118 किलोमीटर की नॉन-स्टॉप साइकिल यात्रा पूरी कर स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश दिया। भीलवाड़ा साइकिल क्लब के प्रभारी अरुण संतोष मुछाल ने बताया कि भानु प्रताप, भीलवाड़ा के प्रख्यात साइकिलिस्ट एवं साइकिल मैन ऑफ भीलवाड़ा के नाम से प्रसिद्ध शारीरिक शिक्षक मुकेश कुमावत के सुपुत्र हैं। उन्होंने अपने जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव को यादगार बनाने के लिए साइकिलिंग जैसी प्रेरणादायी पहल को चुना। भानु प्रताप ने सुबह 4.30 बजे बालाजी फार्म, बालाजी चौराहा से यात्रा प्रारंभ की। बारिश और उमस भरे मौसम के बावजूद उन्होंने लगभग सात घंटे में 118 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण यात्रा पूरी की। इस दौरान जतिन जीनगर ने एस्कॉर्ट के रूप में उनका साथ निभाया।



 

यात्रा पूरी कर भीलवाड़ा पहुंचने पर गोल प्याऊ चौराहा, बालाजी मार्केट में भीलवाड़ा साइकिल क्लब की ओर से उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। उपस्थित लोगों ने पुष्पमालाएं पहनाकर तथा तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनकी उपलब्धि का अभिनंदन किया। इस अवसर पर भानु प्रताप ने कहा कि 18 वर्ष की आयु जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, क्योंकि इसी उम्र में व्यक्ति को मतदान का अधिकार प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि वे इस दिन को केवल केक काटकर नहीं, बल्कि समाज को स्वस्थ जीवन का संदेश देकर यादगार बनाना चाहते थे। उन्होंने युवाओं से नशे, मोबाइल की लत और निष्क्रिय जीवनशैली से दूर रहकर नियमित व्यायाम, खेलकूद और साइकिलिंग अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से दैनिक जीवन में साइकिल का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील करते हुए इसे स्वस्थ, जागरूक और हरित समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। सम्मान समारोह में स्थायी लोक अदालत के पूर्व सदस्य गोवर्धन सिंह कावड़िया, ट्रैफिक इंचार्ज रामपाल साल्वी, सुरेश बम्ब, अरुण संतोष मुछाल, राकेश सक्सेना, डॉ. देवेंद्र पुरी गोस्वामी, सत्यनारायण राठी, धर्मेंद्र खटोड़, मुकेश सामरिया, हस्तीमल भलावत, विजय कपूर, रक्तवीर विक्रम दाधीच, मुकेश कुमावत, रामचंद्र मूंदड़ा सहित बालाजी मार्केट के अनेक व्यवसायी एवं भीलवाड़ा साइकिल क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News